फिरोजाबाद : AC में आग लगने से दर्दनाक हादसा, कमरे में सो रहे दंपती की जिंदा जलकर मौत

यूपी के फिरोजाबाद के कस्बा टूंडला में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। मकान के एसी में आग लगने से पति-पत्नी जिंदा जल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपती को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कस्बा के भगवान आश्रम मोहल्ले में अजय शर्मा उर्फ अंजू (50) का मकान है। वो अपनी पत्नी निशा शर्मा के साथ यहां रहते थे। मकान में एसी लगा हुआ है। शुक्रवार सुबह तकरीबन पांच बजे तेज धमाके के साथ एसी में अचानक आग लग गई।
धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसियों की नींद टूट गई। वे बाहर निकले तो देखा अजय शर्मा के मकान से धुआं निकल रहा था। पुलिस को सूचना देने के साथ पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अजय शर्मा और उनकी पत्नी निशा शर्मा को जली अवस्था में बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्राधिकारी अजय चौहान का कहना है कि प्रथम दृष्टया एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। आग लगने से घर में धुआं भर गया। पति-पत्नी जली अवस्था में मिले। संभवत: दम घुटने से दोनों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पड़ोसियों ने बताया कि मकान में केवल दंपती ही रहते थे। इनकी एक बेटी है, जो देहरादून से बीटेक कर रही है। बड़े भाई राजीव मिश्रा परिवार सहित गाजियाबाद में रहते हैं। वो एक मैग्जीन के संपादक हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है।
Comments
Post a Comment
Ask me anything here...