UPPSC 2019 का साक्षात्कार 28 से, इन पदों का साक्षात्कार नहीं
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने पीसीएस-2019 के साक्षात्कार की तारीख घोषित कर दी है। यह 28 जनवरी से आरंभ होगा। इसका विस्तृत कार्यक्रम 18 जनवरी को आयोग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक अर¨वद कुमार मिश्र ने बताया कि अभ्यर्थियों को अलग-अलग क्रम में बांटकर साक्षात्कार कराया जाएगा। भर्ती के 388 पदों के सापेक्ष साक्षात्कार के लिए 811 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
यूपीपीएससी ने 16 अक्टूबर, 2019 को पीसीएस के 474, एसीएफ के दो व आरएफओ के 53 पदों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। आनलाइन आवेदन 13 नवंबर तक लिए गए थे। आयोग ने 15 दिसंबर को प्रदेश के 19 जिलों में 1166 केंद्रों पर प्रारंभिक परीक्षा कराई और परिणाम 17 फरवरी, 2020 को जारी हुआ। मुख्य परीक्षा के लिए 6119 अभ्यर्थी सफल हुए थे, जबकि मुख्य परीक्षा का रिजल्ट 23 दिसंबर को जारी किया गया था। उम्मीद थी कि साक्षात्कार जनवरी-2021 के प्रथम सप्ताह में शुरू हो सकता है, लेकिन संघ लोकसेवा आयोग की आइएएस मुख्य परीक्षा चल रही है। इसके बाद पीसीएस-2020 की मुख्य परीक्षा 21 से 25 जनवरी तक चलेगी।
इन पदों का साक्षात्कार नहीं
पीसीएस-2019 में सम्मिलित सामान्य अर्हता के कई पदों के लिए साक्षात्कार नहीं लिया जाएगा। इनमें उपकारापाल, कर निर्धारण अधिकारी, विपणन अधिकारी एवं विधि अधिकारी (मंडी परिषद) के लिए इंटरव्यू नहीं होगा। इसी प्रकार विशिष्ट अर्हता के लेखा एवं संप्रेक्षा अधिकारी, विधि अधिकारी (पीडब्ल्यूडी तथा भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग), ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक व पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी के पदों के लिए सेवा नियमावली में साक्षात्कार का प्रविधान नहीं है।

Comments
Post a Comment
Ask me anything here...