बिहार में 10 दिन बढ़ा लॉकडाउन:अब 16 मई से 25 मई तक जारी रहेगा लॉकडाउन, CM ने कहा- इसके अच्छे रिजल्ट मिले, इसलिए बढ़ा रहे

 बिहार में जारी लॉकडाउन को अगले 10 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। अब 16 मई से 25 मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि हमारी समीक्षा में लॉकडाउन का सकारात्मक प्रभाव दिखा है। इसलिए इसे विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।


लिया जा रहा था फीडबैक


5 मई को जारी लॉकडाउन की मियाद 15 मई को खत्म हो रही है। पटना जिला प्रशासन ने 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का प्रस्ताव सरकार को दिया था। बिहार में लॉकडाउन का असर और इसे और बढ़ाने को लेकर राज्य के सभी जिलों के CMO और DPM के साथ डॉक्टरों से भी फीडबैक लिया जा रहा था। हर बड़ी बैठक में इस पर मंथन किया जा रहा था। राज्य के 90% अधिकारियों ने इसे प्रभावी बताते हुए लॉकडाउन के साथ वैक्सीनेशन बढ़ाने की बात कही।


बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की बैठक में भी इस मुद्दे को लेकर मंथन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मेडिकल अफसरों ने माना है कि लॉकडाउन ही कोरोना की रफ्तार रोकने का एक बड़ा हथियार है। लॉकडाउन का असर यह हुआ है कि जिले में संक्रमण दर में तेजी से कमी आई है।


पटना में लॉकडाउन का बड़ा असर


पटना शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या सबसे अधिक है, जो अब लगातार घट रही है। ऐसे में लॉकडाउन बढ़ाने से स्थिति में जल्द सुधार होने की संभावना है। सूत्रों की मानें तो जिलाधिकारियों ने शादी-विवाह समारोहों में लोगों की संख्या और घटाने का सुझाव मुख्य सचिव को दिया है। वजह यह है कि ग्रामीण इलाकों की में शादियों में भीड़ अधिक हो रही है। इसे रोकने के लिए अब केवल परिवार के सदस्यों को ही विवाह में शामिल होने की अनुमति दिए जाने पर सभी DM एकमत थे। तर्क था कि इससे संक्रमण का खतरा कम होगा। ऐसी स्थिति शादियों में मौजूदा 50 लोगों की उपस्थिति की संख्या घटाने पर सरकार विचार कर सकती है।


13 दिन बाद दिखा बड़ा परिवर्तन


राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 13 दिन में पहली बार 1 लाख से नीचे चली गई है। बुधवार को राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 99623 थी। 29 अप्रैल को पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या एक लाख के पार पहुंची थी। इन 13 दिनों में 1.46 लाख लोग ठीक हुए हैं। रिकवरी रेट भी बढ़कर 83.43% पहुंच गई है।


18+के लिए 6.14 लाख टीका बिहार को मिला


18+के लिए बुधवार को 6.14 लाख टीके की दूसरी खेप बिहार को मिली। इससे पहले 3.5 लाख डोज मिला था। राज्य में 9 मई से शुरू हुए 18-44 साल के लोगों का टीकाकरण भी लगातार कम हो रहा है। पहले दिन 79 हजार को टीका लगाया गया था जबकि चौथे दिन बुधवार को सिर्फ 45624 लोगों को ही टीका लगा है। राज्य में बुधवार को कुल 77891 लोगों को टीका लगाया गया है। राज्य में अब कुल टीकाकरण 8523328 लोगों का हो चुका है।


मुख्यमंत्री बोले- लॉकडाउन से कम हो रहा कोरोना का केस, रिकवरी रेट में भी बढ़ोतरी


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से, कोरोना के खिलाफ एकजुट होकर दृढ़ इच्छाशक्ति व सकारात्मक सोच के साथ मुकाबला करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से कोरोना संक्रमण कम हो रहा है, रिकवरी रेट लगातार बढ़ रही है। हम सब मिलकर कोरोना को जरूर हराएंगे। दुनिया भर के लोगों की तरह हम भी कोरोना से जूझ रहे हैं। बिहार में पिछले वर्ष इस बीमारी से लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई कदम उठाये गये थे। परिणाम हुआ था कि 8 मार्च 2021 को कोरोना के मरीजों की संख्या घटकर मात्र 248 रह गयी। मार्च के बाद कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में मरीजों की संख्या में अचानक तेजी आई है। इसे देखते हुए एक लाख से अधिक जांच प्रतिदिन हो रही है। आवश्यक दवाओं के साथ अस्पतालों में व्यवस्था की जा रही है। संक्रमण को देखते हुए 15 मई तक 10 दिन का लॉकडाउन है। लॉकडाउन से मरीजों की संख्या में कमी आनी शुरू हो गई है। चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों, सफाईकर्मियों, प्रशासन और पुलिस सहित सभी कोरोना योद्धा सराहनीय काम कर रहे है। इस बार की लहर में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। संक्रमण की दर में धीरे-धीरे कमी आ रही है। रिकवरी रेट निरंतर बढ़ रहा है।


दृढ़ इच्छाशक्ति से करें कोरोना से मुकाबला


CM ने अपील की है कि डॉक्टरी सलाह का पालन करें। मास्क लगायें, दो गज की दूरी बनाये रखें, हाथ साफ रखें और टीका जरूर लगवायें। हम सब मिलकर इस बीमारी से जरूर मुक्ति पा लेंगे।


Source :- Dainik Bhaskar

Comments

Popular posts from this blog

Gove confirms mandatory housebuilding targets for councils will be abolished in face of Tory rebellion – UK politics live

Kotak Mahindra Bank Recruitment 2022 Released for Graduate Candidates And Apply Online