कब तक जारी होंगी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट? डिप्टी सीएम ने दी जानकारी :-
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने 10वीं व 12वीं बोर्ड के अंकपत्र जुलाई में जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही माध्यमिक शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानाचार्य और शिक्षकों के ऑनलाइन स्थानांतरण के लिए 28 जून तक पोर्टल खोलने को कहा है। डॉ. शर्मा बुधवार को विधानसभा स्थित कक्ष में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के संबंध में उच्च, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में आयोग के गठन तथा अन्य विभिन्न बिंदुओं के संबंध में विचार विमर्श किया गया। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी जूम ऐप के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिया कि विभिन्न आयोगों द्वारा चयनित शिक्षकों की शीघ्र तैनाती की जाए। चयनित शिक्षकों को तैनाती के लिए किसी भी दशा में भटकना न पड़े। इस कार्य में किसी भी दशा में लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को तत्काल दंडित किया जाए।
डॉ. शर्मा ने निर्देश दिया कि माध्यमिक शिक्षा व उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानाचार्य और शिक्षकों के ऑनलाइन स्थानांतरण के लिए 28 जून तक पोर्टल खोल दिया जाए। उन्होंने संस्कृत अध्यापकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए तत्काल नीति निर्धारण कराए जाने का भी निर्देश दिए। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकपत्र जुलाई माह में जारी कर दिए जाएं। उच्च शिक्षा संस्थाओं में स्नातक व स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए एक पारदर्शी नीति अपनाकर प्रवेश शुरू किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका एस गर्ग, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, प्रमुख सचिव उच्च शिक्ष सुभाष चंद्र शर्मा, सचिव बेसिक शिक्षा रणवीर प्रसाद, महानिदेशक बेसिक शिक्षा विजय किरन आनंद, विशेष सचिव उच्च शिक्षा योगेंद्र दत्त त्रिपाठी, विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा जय शंकर दुबे, निदेशक बेसिक शिक्षा सर्वेंद्र विक्रम सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार पाण्डेय तथा संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा भगवती सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Comments
Post a Comment
Ask me anything here...