प्रदेश में उर्दू भाषा पढ़ाने के लिए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में जल्द बनेंगे 5 सामुदायिक भवन

चंडीगढ़/फरीदाबाद (  ) 11अक्टूबर,2021:हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जो भाषा बहुलता में प्रयोग की जा रही है, उस भाषा को भविष्य में पढ़ाए जाने को लेकर योजना बनाई जाएगी। इससे उस क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के साथ सीधे संवाद के दौरान उर्दू भाषा के संदर्भ में की। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जाकिर हुसैन, हरियाणा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्री नसीम अहमद, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भूपेश्वर दयाल मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के नारे पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में हमें अमन-चैन और भाईचारे के साथ मिलकर रहना है। एक-दूसरे की मदद और उनके रीति-रिवाजों का सम्मान करेंगे, तभी सभ्य समाज की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इसी उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ रही है। बहुत से लोग अल्पसंख्यक समाज को वोटबैंक की राजनीति के चलते जात-पात के नाम पर बहकाने की कोशिश करते हैं, ऐसे लोगों के बहकावे में न आकर, समाज और देशहित में कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की अति पिछड़े क्षेत्रों पर विशेष नजर है। ऐसे क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा।

तत्काल 5 कम्युनिटी सेंटर को दी मंजूरी

अल्पसंख्यक मोर्चा की मांग पर मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में 5 कम्युनिटी सेंटर बनाने की घोषणा की। इसके लिए उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों को 5 स्थानों का चयन कर सूची देने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गांव में विकास संबंधी समस्या के लिए ग्राम दर्शन पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल पर अपने गांव की गली, नाली व अन्य समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है। सरकार अब इसी तर्ज पर नगर दर्शन पोर्टल भी तैयार करेगी, जो शहरी क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं के लिए होगा। 

शिवधाम विकास योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शमशान घाट और कब्रिस्तानों का विकास करने के लिए सरकार ने शिवधाम विकास योजना की शुरूआत की है। इस योजना के अंतर्गत इन स्थानों की चारदिवारी, शेड और पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ आवागमन के लिए रास्तों को पक्का करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके क्षेत्रों में इन स्थानों पर कोई कमी है तो वे अपने जिला उपायुक्त को लिखकर दें।

प्रदेश में खाद की नहीं रहेगी कमी

मुख्यमंत्री ने कहा कि रबी की फसल के दौरान प्रदेश में किसानों को खाद की कोई कमी नहीं रहेगी। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री से उनकी मुलाकात हो चुकी है। शीघ्र ही खाद की सप्लाई हरियाणा को मिल जाएगी।

परिवार पहचान पत्र में कराएं सभी का रजिस्ट्रेशन

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अल्पसंख्यक मोर्चा के सभी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे अपने आसपास के सभी लोगों का परिवार पहचान पत्र के लिए रजिस्ट्रेशन करवाएं। केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ भविष्य में पीपीपी के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने कहा कि अत्यंत गरीब परिवारों तक सरकार सीधे पहुंचेगी। मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के माध्यम से 50 हजार से कम आय वाले परिवारों को सरकार उनके हुनर के अनुसार काम देगी। इससे उनकी आमदनी में इजाफा होगा। 

------------------------------------------------------- 

चंडीगढ़, 11 अक्तूबर- सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कक्षा छठी व नौवीं में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों से 26 अक्टूबर,2021 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन कक्षाओं में दाखिले के लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा आगामी 9 जनवरी, 2022 को आयोजित की जाएगी। दाखिले संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.nta.ac.in या www.aissee.nta.nic.in पर लॉगिन कर सकते हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 में सैनिक स्कूल कुंजपुरा (करनाल) में कक्षा छठी में 83 बच्चों (73 लडक़े, 10 लड़कियां) तथा सैनिक स्कूल रेवाड़ी में 60 बच्चों (50 लडक़े, 10 लड़कियां) को प्रवेश दिया जाएगा। छठी कक्षा में प्रवेश के लिए परीक्षा 300 अंकों की जबकि 9वीं कक्षा के लिए 400 अंकों की होगी और इसकी अवधि क्रमश: 150 व 180 मिनट होगी।

उन्होंने बताया कि छठी कक्षा की प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थियों का 150 अंक का गणित तथा 50-50 अंकों की इंटेलिजेंस, लैंग्वेज व जनरल नॉलेज का टेस्ट लिया जाएगा। इसी प्रकार नौवीं कक्षा की प्रवेश परीक्षा में विद्यार्थी को 200 अंकों का गणित, 50-50 अंकों का अंग्रेजी, इंटेलिजेंस, जनरल साईंस व सोशल स्टडीज का टेस्ट देना होगा।

प्रवक्ता ने बताया कि छठी कक्षा में प्रवेश पाने के इच्छुक विद्यार्थी की जन्मतिथि 1 अप्रैल, 2010 से 31 मार्च, 2012 के बीच तथा कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की जन्मतिथि 1 अप्रैल, 2007 से 31 मार्च 2009 के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दाखिले के लिए जनरल/ओबीसी/डिफेंस/एक्स डिफेंस श्रेणी के लिए 550 रुपये तथा एससी/एसटी श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए 400 रुपये फीस निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थी को फोटो, हस्ताक्षर, बायें हाथ के अंगूठे का निशान, जन्म, रिहायशी, जाति इत्यादि प्रमाण-पत्र अपलोड करने होंगे। उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल में विद्यार्थी का प्रवेश पूरी तरह से मैरिट लिस्ट के आधार पर साक्षात्कार व चिकित्सकीय परीक्षण के पश्चात किया जाएगा।


----------------------------------------------- 

चण्डीगढ़, 11 अक्तूबर- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने अल्पसंख्यक मंत्रालय के सहयोग से वर्ष 2021-22 के लिए प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक व मैरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए 6 अल्पसंख्यक समुदायों (जैन, बौद्ध, सिक्ख, पारसी, मुस्लिम, ईसाई) से सम्बंधित छात्रों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।एक सरकारी प्रवक्ता आज यह जानकारी देते हुए बताया कि प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर, 2021, पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप व मैरिट-कम- मीन्स / टॉप-क्लास स्कॉलरशिप हेतु ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर, 2021 है।


उन्होंने बताया कि आवेदक अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदायों (जैन, बौद्ध, सिक्ख, पारसी, मुस्लिम, ईसाई) में से किसी एक का विद्यार्थी हो व पारिवारिक आय निर्धारित सीमा से अधिक न हो। उन्होंने बताया कि आवेदक किसी भी सरकारी या निजी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय / संस्थानों / महाविद्यालयों / विद्यालयों में अध्ययन कर रहा हो। पाठयक्रम की न्यूनतम अवधि एक वर्ष होनी चाहिए और आवेदक ने पिछली वार्षिक बोर्ड कक्षा की परीक्षा में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों।


प्रवक्ता ने बताया कि आवेदक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल www.scholarship.gov.in या मोबाइल ऐप नेशनल स्कालरशिपस (एनएसपी) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हंै। इस संबंध में विस्तृत निर्देश और बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्न (एफएक्यू) राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के होम पेज पर उपलब्ध हैं । उन्होंने कहा कि आवेदकों को केवल वही बैंक खाता विवरण देना चाहिए जो सक्रिय हो तथा बैंक के निर्देशों के अनुसार हो ताकि छात्रवृत्ति का भुगतान विफल न हो।


उन्होंनेे बताया कि विस्तृत जानकारी के लिए अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की वेबसाइट www.minorityaffairs.gov.in पर जाएं।  इसके अलावा, राजकीय अवकाश को छोडक़र सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9 बजे से सांय 5.30 बजे तक टोल फ्री समाधान हेल्पलाइन 1800-11-2001 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

Comments

Popular posts from this blog

Gove confirms mandatory housebuilding targets for councils will be abolished in face of Tory rebellion – UK politics live

Kotak Mahindra Bank Recruitment 2022 Released for Graduate Candidates And Apply Online